Breaking

पहली बार प्रदेश में होगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

छत्तीसगढ़ 19 August 2026 (18)

post

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पहली बार प्रस्तावित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। लीग के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर उनका आभार जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि लीग से प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा और बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा।

खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि प्रदेश में पहली बार हॉकी लीग का आयोजन खेल और खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक पहल है। लीग के जरिए प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल होगा, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के रास्ते खुलेंगे।

रजिस्ट्रेशन शुरू, जिलों के खिलाड़ियों को जोड़ा जा रहा
लीग के लिए प्रदेश के खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को लीग से जोड़ने का काम किया जा रहा है। पदाधिकारियों के अनुसार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी हॉकी प्रतिभाओं को सामने लाने में भी लीग अहम भूमिका निभाएगी। इससे युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।

पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। ऐसे में हॉकी लीग का आयोजन प्रदेश में खेल के विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। इससे नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ हॉकी का दायरा भी बढ़ेगा।

छत्तीसगढ़ हॉकी के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से प्रदेश में हॉकी को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के सचिव शिवनारायण धकेता, भूषण साव, नीलमचंद जैन, अनुराज श्रीवास्तव, अमिताभ मानिकपुरी, राकेश टोप्पो, रश्मि संध्या एक्का, धनीराम यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं हॉकी से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER