Breaking

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ 11 October 2026 (28)

post

डोंगरगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय समन्वयक उमेश रगड़े के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए चुनाव प्रणाली में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

ज्ञापन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला हैं। चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता, नियमों के क्रियान्वयन और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इससे चुनावी प्रक्रिया के प्रति जनता का विश्वास प्रभावित होने की आशंका है।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक उमेश रगड़े ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल पद से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और स्वायत्तता सुनिश्चित करने के लिए उसकी कार्यप्रणाली की पारदर्शी समीक्षा कराने तथा चुनाव प्रणाली में जनता का विश्वास बहाल करने के लिए आवश्यक संवैधानिक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग रखी।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि नए चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के दौरान प्रमुख विपक्षी राजनीतिक दलों और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को विश्वास में लेकर सहमति बनाई जाए।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने एसडीएम से ज्ञापन राष्ट्रपति को शीघ्र प्रेषित करने तथा उठाई गई मांगों पर उचित कार्रवाई कराने का आग्रह किया।


You might also like!


RAIPUR WEATHER