Breaking

जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस : जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न, राहुल गांधी के जनसंवाद का प्रोजेक्टर पर प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ 10 July 2026 (18)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव/छुरिया। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान द्वारा जारी बयान के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव की मासिक जिला कार्यकारिणी बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव की अध्यक्षता में छुरिया में संपन्न हुई। बैठक में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू एवं पूर्व विधायक छन्नी साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय राजेंद्र व्यास के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके पश्चात पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार संगठनात्मक विषयों, पार्टी की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जिले की प्रमुख समस्याओं, किसानों की खाद एवं बिजली संबंधी समस्याओं, महंगाई सहित जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान अनेक पदाधिकारियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियां संचालित करना नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, अनुशासन एवं एकजुटता के साथ कार्य करें तथा जनता के बीच निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखें। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं जनआंदोलनों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने का भी उन्होंने आह्वान किया।
विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर किसानों एवं आम जनता की समस्याओं के प्रति उन्हें जागरूक करना होगा तथा उनके समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करना होगा। जनता के हितों की लड़ाई कांग्रेस सदैव मजबूती से लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
पूर्व विधायक छन्नी साहू ने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को अस्थायी विद्युत कनेक्शन समय पर नहीं मिल पा रहे हैं तथा अनेक स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करेगी।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी अशोक फड़नवीस ने स्मार्ट मीटर एवं बढ़ते बिजली बिलों का विषय उठाते हुए कहा कि इससे आम जनता लगातार परेशान हो रही है। उन्होंने इस जनहित के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर प्रभावी ढंग से संघर्ष करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिला महामंत्री पंकज बाँधव ने संगठन में अनुशासन, एकजुटता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनीस खान ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी गठन के बाद से ही जनता से जुड़े मुद्दों को समाचार पत्रों, ज्ञापनों एवं आंदोलनों के माध्यम से लगातार सरकार और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठा रही है। अब और अधिक सक्रिय होकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं भाजपा सरकार की विफल नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
जिला महामंत्री शिशुपाल भारती, मतीन खान, चुम्मन साहू सहित अन्य पदाधिकारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने भी संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपने विचार एवं सुझाव रखे।
बैठक का संचालन जिला प्रभारी महामंत्री राहुल तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन रितेश जैन ने किया।
बैठक के समापन उपरांत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर छुरिया बस स्टैंड में नीट परीक्षा पेपर लीक एवं देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों एवं आम जनता के साथ किए गए जनसंवाद का वीडियो प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, छात्र एवं आम नागरिक उपस्थित रहे तथा शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी के विचारों को गंभीरता से सुना।


You might also like!


RAIPUR WEATHER