Breaking

कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का जिला हॉकी संघ ने किया भव्य सम्मान

छत्तीसगढ़ 04 August 2026 (15)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की होनहार बेटी सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव के प्रथम नगर आगमन पर जिला हॉकी संघ, राजनांदगांव द्वारा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, गौरव पथ में महापौर मधुसूदन यादव और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा की मौजूदगी में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के नेतृत्व तथा सचिव शिवनारायण धकेता के मार्गदर्शन में ज्ञानेश्वरी यादव का फूलमाला, बुके, पारंपरिक गमछा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष भूषण साव, कोषाध्यक्ष प्रिंस भाटिया, कार्यकारिणी सदस्य कुमार स्वामी, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, खेल विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का, अजय झा, प्रकाश शर्मा, तीरथ गोस्वामी, आशीष सिन्हा, आशा थामस, कृष्णा यादव एवं मनीष सोनी सहित जिला एवं राज्य हॉकी संघ के पदाधिकारी, सीनियर मॉर्निंग हॉकी ग्रुप छत्तीसगढ़ जूनियर बालिका हॉकी टीम, खेलो इंडिया सेंटर के खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व ज्ञानेश्वरी यादव का प्रथम नगर आगमन स्थानीय पोस्ट ऑफिस चौक में हुआ, जहां नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद भव्य बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौरव पथ स्थित अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुँची। स्टेडियम में जिला हॉकी संघ द्वारा विशेष मंच तैयार कर दोपहर 1 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच ज्ञानेश्वरी यादव का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल राजनांदगांव और छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में जिला हॉकी संघ ने ज्ञानेश्वरी यादव को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी देश के लिए स्वर्णिम उपलब्धियां हासिल करेंगी।


You might also like!


RAIPUR WEATHER