Breaking

ट्रिपल इंजन सरकार में विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन मुख्यालय की सड़कें भी बदहाल : जितेन्द्र मुदलियार

छत्तीसगढ़ 06 August 2026 (15)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन मुख्यालय राजनांदगांव की सड़कें और पुल ही सुरक्षित नहीं हैं, तब पूरे प्रदेश के विकास के दावों की हकीकत समझी जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग और सेतु निर्माण विभाग जनता की सुरक्षा नहीं, बल्कि किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
मुदलियार ने कहा कि स्टेट हाईवे पर स्थित मोहारा पुल में बना विशाल गड्ढा मौत को खुला निमंत्रण दे रहा है। महावीर चौक से चिखली मार्ग, भदौरिया चौक से महामाया चौक, कमला कॉलेज रोड से आरके नगर सहित शहर की कई प्रमुख सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बारिश के पानी से गड्ढे नजर नहीं आते और रोजाना हजारों लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। जिलेभर में स्टेट हाईवे और दूसरी सड़कों के भी हाल खराब हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती हैए लेकिन हकीकत यह है कि ट्रिपल इंजन सरकार का इंजन केवल प्रचार में दौड़ रहा है, जमीन पर नहीं। डेढ़ माह से अधिक समय से मानसून जारी है, लेकिन लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत तक नहीं करा सका। प्रशासन और जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हाल के महीनों में प्रदेश भर में सेतु निर्माण विभाग के कई पुलों के एप्रोच रोड धंसने और दरकने की घटनाएं सामने आई हैं, जो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है, जबकि दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
मुदलियार ने कहा कि यदि विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन क्षेत्र की यह स्थिति है तो प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत नहीं कराई गई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
इस निरीक्षण के दौरान लक्ष्मण साहू, राकेश चंद्राकर, वीरेन्द्र चंद्राकर, राजिक सोलंकी, बसंत चितलांग्या, अमित कुशवाहा, जय जायसवाल, संतोष शर्मा, नेमचंद साहू, नितिन गुप्ता, रामचंद्र यादव, जुगल ताम्रकार, नितिन मेश्राम, खुलेश चंद्राकर, डेमन साहू, मुकेश यादव, रामचंद साहू व अन्य मौजूद थे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER