देश24 न्यूज:
राजनांदगांव। जनमानस में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से रविवार को दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा हॉकी इंडिया के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी राजनांदगांव के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के 75वें एडिशन में हॉकी खिलाड़ियों सहित खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, आरपीएफ प्रभारी तरूणा साहू, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रेखा पदम तथा साईं सेंटर प्रभारी केसी त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि फिरोज अंसारी ने कहा कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान देशभर में आगामी 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रचार-प्रसार की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 75 रविवार से साईं सेंटर राजनांदगांव द्वारा लगातार इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाना गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से नियमित साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा हर रविवार आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज का संदेश दिया जा रहा है, जिसे आम लोगों को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
आरपीएफ प्रभारी तरूणा साहू ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों से लेकर हर वर्ग के लोगों को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा साइकिल जरूर चलानी चाहिए। वहीं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रेखा पदम ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली और नियमित अभ्यास से ही स्वस्थ रहा जा सकता है।
समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम प्रत्येक रविवार आयोजित कर जन-जन तक फिटनेस का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में दिलीप मेश्राम, डीएल दावड़ा, एसएस बोयर, तेजस्वनी राउत, राजेश मिश्रा, एनके साहू, आरके दुबे, परमजीत सिंह, पंकज पांडे, दिव्या धारावत, सुखदेव राउत, अर्चना चौधरी, शकील अहमद, कृष्णा यादव, वीरेंद्र सिन्हा, लेखराम देवांगन, जय हिंद निषाद, कुमारू राम पटेल सहित साईं ट्रेनिंग सेंटर एवं खेलो इंडिया सेंटर के खिलाड़ी उपस्थित थे।












