देश24 न्यूज:
राजनांदगांव। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या के विरोध में हिंदू जागरण मंच, जिला राजनांदगांव ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक अभियान चलाने की मांग की।
मंच के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की आतंकवादी हमले में हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय है। संगठन का कहना है कि मीडिया में ऐसी खबरें सामने आई हैं कि हमलावरों ने गोली चलाने से पहले पीड़ितों से उनकी धार्मिक पहचान पूछी थी। मंच ने मांग की कि इस पहलू की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराई जाए। यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है, तो इसमें शामिल आतंकवादियों और षड्यंत्रकारियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के तहत कठोरतम सजा दी जाए।
ज्ञापन में आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मृतकों के परिजनों को समुचित आर्थिक सहायता और हरसंभव सहयोग देने की भी मांग की गई। संगठन ने कहा कि धर्म, जाति या किसी भी पहचान के आधार पर निर्दोष लोगों की हत्या मानवता के विरुद्ध अपराध है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
हिंदू जागरण मंच ने केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई आवश्यक है। ज्ञापन में पुलवामा की घटना का भी उल्लेख करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध कठोर नीति अपनाने की मांग की गई।












