Breaking

जान्हवी और भावेश का संभागीय हॉकी दल में चयन, 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व

छत्तीसगढ़ 23 September 2026 (19)

post

राजनांदगांव। पटरी पार क्षेत्र के चिखली स्कूल मैदान में रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण केंद्र के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों जान्हवी मेश्राम एवं भावेश निषाद का चयन 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए दुर्ग संभागीय हॉकी दल में हुआ है। दोनों खिलाड़ी जूनियर वर्ग में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जूनियर बालिका वर्ग के लिए चयनित जान्हवी मेश्राम गुरुनानक देव हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 9वीं की छात्रा हैं। जान्हवी के पिता कृष्णा मेश्राम एवं माता कंचना मेश्राम हैं। वहीं, जूनियर बालक वर्ग में चयनित भावेश निषाद स्टेट हाई स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र हैं। उनके पिता श्रीराम निषाद एवं माता शीला निषाद हैं।

जूनियर बालक वर्ग में भावेश निषाद राजनांदगांव के अनुभवी एनआईएस कोच अनुराग श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। टीम के मैनेजर के रूप में योगेश द्विवेदी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। वहीं, जूनियर बालिका वर्ग में जान्हवी मेश्राम के कोच के रूप में जावेद खान तथा मैनेजर के रूप में महिमा यादव टीम के साथ रहेंगी।

चयनित खिलाड़ियों के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने बताया कि चिखली स्कूल मैदान से अपने हॉकी करियर की शुरुआत करने वाली जान्हवी मेश्राम वर्तमान में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी खेल योजना खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर की आवासीय योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वहां उन्हें कोच राकेश टोप्पो के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण मिल रहा है। वहीं, भावेश निषाद वर्तमान में चिखली स्कूल मैदान में कोच मृणाल चौबे से नियमित हॉकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

जान्हवी मेश्राम एवं भावेश निषाद को वरिष्ठ कोच भूषण साव, किशोर धीवर, शकील अहमद, रजनी एवं आरती शेंडे का भी विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के संभागीय दल में चयन से पटरी पार क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
खिलाड़ियों के चयन पर राजनांदगांव के वरिष्ठ खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी ने कहा कि चिखली स्कूल मैदान में संचालित निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण केंद्र से लगातार खिलाड़ियों का आगे बढ़ना क्षेत्र के बच्चों में खेल के प्रति बढ़ती रुचि और नियमित प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम है।


You might also like!


RAIPUR WEATHER