Breaking

वरिष्ठों की अनदेखी कर कनिष्ठों को उच्च पद का प्रभार देने पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ 09 September 2026 (25)

post

रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थापना और प्रभार आवंटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में जारी पदस्थापना आदेशों में प्राचार्यों को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी और संयुक्त संचालक जैसे उच्च पदों की जिम्मेदारी दिए जाने पर छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन ने सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद कनिष्ठों को उच्च पद का प्रभार सौंपा गया है।


एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष क्रिष्टोफर पॉल ने मामले को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री को पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों ने सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों और न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया है। संगठन के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारी उपलब्ध होने की स्थिति में कनिष्ठ अधिकारी को उच्च पद का चालू प्रभार नहीं दिया जाना चाहिए।

एसोसिएशन ने कहा है कि इसके बावजूद जारी आदेशों में वरिष्ठता क्रम को दरकिनार किया गया है। इससे विभाग की पदस्थापना प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।


पैरेंट्स एसोसिएशन ने नियम-विरुद्ध बताए जा रहे सभी पदस्थापना और प्रभार आदेशों को तत्काल निरस्त अथवा संशोधित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि उच्च पदों का प्रभार वरिष्ठता क्रम के अनुसार दिया जाना चाहिए, ताकि विभागीय व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।


एसोसिएशन ने कहा कि मनमाने स्थानांतरण और पदस्थापना से शिक्षा तंत्र की साख प्रभावित हो रही है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही संबंधित आदेशों में नियमों के अनुसार संशोधन नहीं किया गया तो वह प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर आगे की लड़ाई लड़ेगा।


You might also like!


RAIPUR WEATHER