Breaking

सड़कों पर आवारा मवेशियों से हादसों का खतरा, विहिप-बजरंग दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ 28 August 2026 (23)

post

राजनांदगांव। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर खुले में छोड़े जा रहे गौवंश एवं अन्य मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जिम्मेदार पशु मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और जुर्माना लगाने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों और मुख्य मार्गों पर बड़ी संख्या में मवेशी घूमते या बैठे रहते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। संगठन ने कहा कि ऐसे हादसों में पशुओं के साथ ही वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने शहर और प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से गौवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा गौशालाओं में उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। सड़क दुर्घटनाओं में घायल पशुओं के लिए तत्काल पशु चिकित्सा एवं उपचार की व्यवस्था करने की भी मांग रखी गई।

ज्ञापन में दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुरक्षा एवं पशु नियंत्रण की व्यवस्था करने की मांग की गई। साथ ही पशु मालिकों को अपने गौवंश की जिम्मेदारी लेने के लिए जागरूक करने तथा लापरवाही दोहराने पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई।

संगठन ने गौवंश की सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए जिला प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं गौ रक्षा विभाग के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER