Breaking

अघोषित बिजली कटौती के विरोध में विद्युत विभाग को बेशर्म का गुलदस्ता देने पहुंचे शमसुल, पुलिस से हुई झूमाझटकी

छत्तीसगढ़ 26 May 2026 (17)

post

देश24 न्यूज: राजनांदगांव। नौतप्पा की तपती गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। इसी कड़ी में अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ एक अनोखा और उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जोगी कांग्रेसी अधिकारियों को बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता भेंट करने पहुंचे थे। हालांकि, बिजली दफ्तर पहुंचने से पहले ही मौके पर तैनात पुलिस प्रशासन ने बलपूर्वक कार्यकर्ताओं से गुलदस्ता छीन लिया। इस दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई, जिससे वहां काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
गुलदस्ता छीने जाने से नाराज जोगी कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए और विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नौतप्पा चल रहा है और गर्मी अपने चरम पर है। प्रदेश के कई हिस्सों से भीषण गर्मी के कारण लोगों की असमय मृत्यु की खबरें आ रही हैं। ऐसे संवेदनशील समय में भी विद्युत विभाग की अघोषित बिजली कटौती थमने का नाम नहीं ले रही है। स्थिति यह है कि महज हल्की हवा चलने या आसमान में थोड़ी सी बदली दिखने पर ही घंटों के लिए बिजली गुल कर दी जाती है, जिससे आम जनता त्रस्त हो चुकी है।
शमसुल आलम ने कहा कि एक तरफ स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ही लोग भारी-भरकम बिजली बिल पटाकर बेहाल हैं, वहीं दूसरी तरफ विभाग बिजली की दरों में और बढ़ोत्तरी करने की तैयारी में है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जोगी कांग्रेस के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली की दरों में प्रस्तावित बढ़ोत्तरी पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और अघोषित कटौती बंद नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा। इधर, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता ने प्रदर्शनकारियों की बातें सुनने के बाद आश्वस्त किया है कि तकनीकी दिक्कतों को दूर कर समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, विधानसभा अध्यक्ष नमन पटेल, जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, मुकेश साहू, अनवर खान, भागवत पटेल, भूपेश साहू, आकाश गेडाम और साहिल खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER