Breaking

राजनांदगांव में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की इकाई का गठन

छत्तीसगढ़ 31 May 2026 (24)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया का राजनांदगांव में नयी इकाई और नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया है। रविवार को शहर के रसोई रेस्टोरेंट में आयोजित संस्था के त्रैवार्षिक चुनाव में राजेन्द्र वर्मा प्रेसिडेंट, सारिका बाम्बेश्वर वाइस प्रेसिडेंट, मनु साहू वाइस प्रेसिडेंट एवं अजय बाम्बेश्वर कोषाध्यक्ष चुने गये।
विस्तृत जानकारी देते हुए यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया छत्तीसगढ़ के चेयरमेन संदीप सेठ ने बताया कि समस्त पदाधिकारियों का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ। निर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा आपसी सलाह मशवरा से मिनेश मिश्रा को सचिव और गुलशन चन्द्र साहू को संयुक्त सचिव के पद पर मनोनीत किया गया। निर्वाचन अधिकारी के रूप में दुर्ग-भिलाई इकाई के प्रेसिडेंट ऋषिकांत तिवारी और सचिव सुबोध देवांगन उपस्थित थे। निर्वाचन प्रक्रिया पश्चात राजनांदगांव से उपस्थित यूथ हॉस्टल्स के नये सदस्यों एवं गणमान्य लोगों को संस्था की गतिविधियों से परिचित कराने संदीप सेठ, धमतरी इकाई से उपस्थित वरिष्ठ सदस्य डॉ. अनंत दीक्षित, ऋषिकांत तिवारी एवं यूथ हॉस्टल्स छत्तीसगढ़ के वाइस प्रेसिडेंट शैलेश शुक्ला ने सम्बोधित किया।
विदित हो कि यूथ हॉस्टल्स एक अंतर्राष्ट्रीय संस्था है, जो भारत में खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करने वाली एक स्ववित्तीय संस्था है। अपने आसपास अज्ञात, अल्पज्ञात, अचर्चित, अपरिचित दुर्गम बीहड़ वन्य क्षेत्र की सुषमा का आनंद उठाने के लिए यूथ हॉस्टल्स एक अच्छा माध्यम है। प्रकृति पर्यावरण पर्यटन एवं रोमांचक गतिविधियों सहित सामाजिक रचनात्मक आयोजनों में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए यूथ हॉस्टल्स एक सशक्त मंच है। संस्था के सभी आयोजन सौहार्द्रपूर्ण पारिवारिक वातावरण में संपन्न होते हैं, इसलिए स्त्री-पुरुष, बच्चे सभी इसके सदस्य बन सकते हैं।
स्टेट सेक्रेटरी के. सुब्रमण्यम ने बताया कि ट्रैकिंग, पैरा ग्लाइडिंग, रीव्हर राफ्टिंग, बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, फैमिली कैम्पिंग, डेजर्ट सफारी जैसे आयोजनों के लिए साल भर वाजिब दर पर यूथ हॉस्टल्स अपने सदस्यों को खानपान पर्यटन एवं आवास की सुविधा प्रदान करता है। संस्था की सदस्यता शुल्क वार्षिक 200, द्विवार्षिक 350 एवं आजीवन 3000 है। इस शुल्क में सदस्य न सिर्फ राजनांदगांव बल्कि छत्तीसगढ़ सहित संपूर्ण भारतवर्ष एवं 168 देशों में भी यूथ हॉस्टल्स के आयोजनों में शामिल हो सकते हैं। सचिव मिनेश मिश्रा ने अधिकाधिक लोगों से यूथ हॉस्टल्स से जुड़ने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर धमतरी इकाई द्वारा राजनांदगांव इकाई के प्रेसिडेंट, चेयरमेन, सेक्रेटरी तथा राजनांदगांव इकाई गठन के प्रेरणास्रोत संदीप सेठ एवं नयी इकाई गठन के सूत्रधार दुर्ग-भिलाई इकाई को पौधा सप्रेम भेंट कर अभिनंदन किया गया। उपस्थित समस्त सदस्यों को छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की ओर से प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। राजनांदगांव इकाई गठन में मिनेश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कार्यक्रम का सफल संचालन सुबोध देवांगन ने और आभार ज्ञापन मिनेश मिश्रा ने किया।
यूथ हॉस्टल्स के इस गौरवपूर्ण आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमेन संदीप सेठ, वाइस प्रेसिडेंट हुकुमचंद जैन, वाइस प्रेसिडेंट शैलेश शुक्ला, सेकेटरी के. सुब्रमण्यम, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनंत दीक्षित, धमतरी इकाई प्रेसिडेंट रमेश देव, राज्य कार्यकारिणी सदस्य योगेश गुप्ता, दुर्ग-भिलाई इकाई प्रेसिडेंट ऋषिकांत तिवारी, वाइस प्रेसिडेंट महेन्द्र देवांगन, कोषाध्यक्ष हेमलाल देवांगन, सचिव सुबोध देवांगन सहित दुर्ग-भिलाई इकाई से के. सिन्धु, के. स्तुति, श्वेता तिवारी, ओमकुमारी देवांगन, भूमिका देवांगन, लीना देवांगन एवं राजनांदगांव से रणविजय प्रताप सिंह, राजेश निर्मलकर, कोमल साहू, मलय बनर्जी, डॉ. घमेन्द्र साहू, नंदेश्वर श्रीवास्तव, प्रतीक मिश्रा, प्रथमेश शर्मा, सचिन खोब्रागढ़े, परमजीत सिंह, अभिनव मिश्रा, कृष्णा यादव, योगेश द्विवेदी, शाहीन, डॉ. रूबी वर्मा, आमिषी सिंह, हेमलता वर्मा, प्रवीण वर्मा, आरपी तिवारी एवं मो. जावेद सहित अन्य लोगों की सराहनीय उपस्थिति रही।


You might also like!


RAIPUR WEATHER